कार्तिक आर्यन की फिल्म चंदू चैंपियन की चर्चा इन दिनों हर ओर हो रही है। इस फिल्म के लिए उन्होंने रात-दिन कड़ी मेहनत की है, जो फिल्म के ट्रेलर और गानों में साफ नजर आता है। फिल्म पैरालंपिक में पहला स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी मुरलीकांत पेटकर के जीवन पर आधारित है। इस फिल्म को लेकर दर्शक काफी ज्यादा उत्साहित नजर आ रहे हैं। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि रिलीज के बाद भी यह फिल्म दर्शकों के गहरा प्रभाव डालेगी। आज हम आपको कुछ ऐसी ही बायोपिक फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो लोगों के दिलों को छूने में कामयाब रहीं।
भाग मिल्खा भाग
भाग मिल्खा भाग में फरहान अख्तर मुख्य भूमिका में नजर आए थे। इस फिल्म का निर्देशन राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने किया था। साल 2013 में रिलीज में यह फिल्म फ्लाइंग जट्ट के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह के जीवन पर बनी थी। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी।
एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी
एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी में सुशांत सिंह राजपूत मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर बनी थी। इस फिल्म का निर्देशन नीरज पांडे ने किया था। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म भले ही औसत प्रदर्शन कर सकी, लेकिन दर्शकों के दिलों में यह फिल्म अपनी जगह बनाने में कामयाब रही थी। ओटीटी और छोटे पर्दे पर इस फिल्म को लोगों का भरपूर प्यार मिला था।
नीरजा
फिल्म नीरजा साल 2016 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में सोनम कपूर और शबाना आजमी मुख्य भूमिकाओं में नजर आई थीं। इसका निर्देशन राम माधवानी ने किया था। फिल्म नीरजा भनोट के जीवन पर बनी थी। दर्शकों को फिल्म ने खूब सराहा था। साथ ही, बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म हिट भी साबित हुई थी।
संजू
राजकुमार हिरानी भारत के सबसे सफल फिल्मकारों में से एक हैं। लोगों को उनकी फिल्मों का बेसब्री से इंतजार रहता है। साल 2018 में उन्होंने संजू नाम की फिल्म बनाई थी। यह फिल्म संजय दत्त के जीवन पर आधारित थी। फिल्म में रणबीर कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई थी। दर्शकों को यह फिल्म काफी ज्यादा पसंद आई थी। बॉक्स ऑफिस पर भी इस फिल्म ने जमकर कमाई की थी।